आचार संहिता का न हो उल्लंघन
डीएम व एसपी ने सलोन तहसील परिसर और मतगणना स्थल देखा
सलोन (रायबरेली)। नगर पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिलाधिकारी संजय खत्री तथा पुलिस अधीक्षक शिव हरि मीणा ने सोमवार को सलोन तहसील परिसर में बने नामांकन केंद्रों तथा सर्वोदय विद्यापीठ इंटर कॉलेज में मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों को चुनाव संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम एवं एसपी ने सलोन नगर पंचायत, नसीराबाद नगर पंचायत, परशदेपुर नगर पंचायत के आरओ टेबल पर जाकर नामांकन संबंधी जानकारी ली। सलोन प्रभारी कोतवाली जीडी शुक्ला को तहसील परिसर में बैरीकेडिंग बढ़ाए जाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आचार संहिता का उल्लंघन न होने पाए। डीएम ने चुनाव कार्य में लगे अधिकारियों को यूएलबी डिवाइस कम्युनिकेशन प्लान के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन मौजूद अधिकारियों ने सही उत्तर नहीं दिया तो उन्होंने यूएलबी के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूएलबी के माध्यम से चुनाव संबंधी सभी जानकारी अधिकारी एवं कर्मचारी आपस में कर सकते हैं। उन्होंने नामांकन पत्रों की ऑनलाइन फीडिंग किए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक नगर के सर्वोदय विद्यापीठ इंटर कॉलेज पहुंचे, जहां पर तीनों नगर पंचायतों के लिए अलग-अलग बनाए गए स्ट्रांग रूम तथा मतगणना कक्ष का निरीक्षण किया। आला अफसरों ने पोलिंग पार्टियां समेत अन्य मतदान केंद्रों, उपजिलाधिकारी कार्यालय का भी निरीक्षण किया।