बिजली कटौती बंद हो, पेट्रोल-डीजल के दाम कम हों
रायबरेली। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर सोमवार को कांग्रेसियों ने हाथी पार्क के पास धरना-प्रदर्शन कर बिजली कटौती बंद किए जाने और डीजल-पेट्रोल के दामों को कम किए जाने की मांग की।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष सईदुल हसन ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के शासन काल में लगातार पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ रहे हैं। इससे आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष वीके शुक्ल व प्रदेश महासचिव राघवेंद्र सिंह ने कहा कि देश व प्रदेश की सरकार की करनी व कथनी में कोई मेल नही। प्रदेश की जनता से 24 घंटे बिजली देने का वादा कर बमुश्किल 12-14 घंटे आपूर्ति की जा रही है। देहात क्षेत्र में तो महज छह घंटे ही आपूर्ति हो रही।
व्यापारी नेता आशीष द्विवेदी ने कहा कि हत्या, लूट, नकबजनी व रंगदारी ने व्यापारी समाज की कमर तोड़ दी है। धरने का संचालन राज कुमार दीक्षित ने किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह, विजय शंकर अग्निहोत्री, सुनील तिवारी, पंकज सोनकर आदि मौजूद रहे।