महराजगंज (रायबरेली)। कैर गांव में मुंबई से लौटे चार युवकों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद संक्रमितों के परिवार व सगे संबंधी 21 लोगों को बछरावां के क्वारंटीन सेंटर में भेज दिया गया। गांव में रोजमर्रा की जरूरतों के सामान पहुंचाने वालों के मोबाइल व्हाट्सएप नंबर गांव के लोगों को उपलब्ध करा दिए। व्यापारी डिलीवरी सुबह पांच से सात बजे तक गांव में करेंगे। साथ ही द्वितीय चक्र की जांच में 63 उन लोगों को चिह्नित कर लिस्ट तैयार की गई है, जो लोग संक्रमितों के परिवार के लोगों के संपर्क में आए थे।
प्रधान गंगाराम पासी अगुवाई में समाज सेवकों का एक दल घर-घर गरीबों और जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट पहुंचाने में जुट गया है। एसडीएम विनय कुमार सिंह, सीओ राघवेंद्र चतुर्वेदी, तहसीलदार विनोद कुमार सिंह, ईओ महाराजगंज डॉ. राजेश कुमार, बीडीओ प्रवीण कुमार पटेल, कोतवाल अरुण कुमार सिंह ने सील किए गए रास्तों का निरीक्षण किया। गांव में साफ सफाई का काम जोरों पर है। नालियों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है।