दो भवन सील, पांच का चालान
रायबरेली। शहर में अवैध रूप से निर्माणाधीन दो भवनों को आरडीए की टीम ने सील कर दिया है। इन भवनों को पुलिस की अभिरक्षा में दिया गया है। इसके अलावा अवर अभियंताओं ने पांच भवनों का निर्माण रुकवाकर चालान किया है। इन भवनों को बनवाने वालों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। जवाब नहीं देने पर ये भवन भी सील कर दिए जाएंगे।
शहर में मानकों को ताक पर रखकर धड़ल्ले से भवनों का निर्माण हो रहा है। हालात ये हैं कि आरडीए से नक्शा तक पास नहीं कराया जा रहा है। शहर में ग्रीन लैंड पर भी खुलेआम निर्माण कराया जा रहा है। कई कांप्लेक्स भी अवैध रूप से खडे़ हो गए हैं।
डीएम व आरडीए के उपाध्यक्ष संजय कुमार खत्री के आदेश पर आरडीए के अवर अभियंता सुनील त्यागी की टीम ने बुधवार को जेल रोड पर रामपियारी और राना नगर में सज्जन सिंह के भवनों को अवैध तरीके से निर्माण कराने पर सील करके भवनों को कोतवाली पुलिस की अभिरक्षा में दे दिया।
इसके अलावा अवर अभियंता ने जेल रोड पर ही राहुल और जगदीशपुरम में सोनिया और मंजू के भवनों का निर्माण कार्य रुकवाकर चालान कर दिया।
आरडीए के अवर अभियंता धनेश कुमार ने एसजेएस स्कूल के सामने अवैध रूप से कराए जा रहे जोगिंदर सिंह के निर्माण का भी चालान कर दिया। एलआईजी 284 में हो रहे निर्माण का चालान करके अजीत पांडेय को नोटिस दिया गया है।
आरडीए के अधिशासी अभियंता एके राय ने बताया कि, जिन भवनों का चालान किया गया है, उनके मालिकों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। जवाब नहीं मिलने पर इन भवनों को भी सील कराया जाएगा।