दुकान में लगाई आग, सामान जला
रायबरेली। डीह थाना क्षेत्र में शनिवार रात दो दुकानों में आग लगा दी गई। लपटें देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग जब तक आग बुझाते, तब तक दोनों दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित दुकानदारों ने थाने में तहरीर देकर मामले की जांच कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी ने जानबूझ कर दुकानों में आग लगाई है। पुलिस जांच कर रही है।
पूरे मर्दन मजरे खेतौंधन गांव निवासी पारसनाथ की किराने की दुकान और नरायनपुर गांव की रहने वाली रामलली की कॉस्मेटिक व सिलाई की दुकान बीरगंज बाजार में है। दोनों दुकानें अगल-बगल हैं। शाम को दोनों दुकानदार दुकानें बंद करके अपने-अपने घर चले गए। देर रात किसी ने आग लगा दी। इससे तेज लपटों के साथ दुकानें जलने लगी। आसपास के लोग लपटें देख आग बुझाई। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक दोनों दुकानों के अंदर रखा सामान जल गया। थानेदार शिवशंकर गुप्ता ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।