दबंगों की पिटाई से कराहता रहा किसान
थानेदार को नहीं आया तरस, लाइन हाजिर
रायबरेली। शासन चाहे जितनी सख्ती करे, लेकिन थानों पर तैनात थानेदार अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। एक ऐसा ही मामला प्रकाश में आया है। दबंगों ने एक किसान को बेरहमी से पीटा। वह दर्द से कराहता रहा, पर सरेनी थानेदार ने उसकी पीड़ा को सुनना और घटनास्थल तक जाना उचित नहीं समझा। मामला एसपी तक पहुंचा तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया और थानेदार को लाइन हाजिर कर दिया। प्रशिक्षु सीओ को अब थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरेनी थाना क्षेत्र के सुरजीपुर निवासी पारसनाथ साहू को गांव के ही कुछ दबंगों ने पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। दर्द से कराहते हुए थाने पहुंचा। थानेदार अरुण कुमार सिंह को अपनी पीड़ा बताई। पर थानेदार की मनमानी तो देखिए। न तो उसकी पीड़ा सुनी और उसे यह कहकर वापस कर दिया कि जाओ जांच करके देखेंगे। थानेदार ने घटनास्थल तक जाना उचित नहीं समझा।
पीड़ित ने पूरे प्रकरण की शिकायत एसपी शिवहरी मीणा से की। मामला जानकारी आने पर एसपी का माथा ठनक गया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से सरेनी एसओ अरुण कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी का कहना है कि प्रशिक्षु सीओ प्रदीप यादव को सरेनी का थानेदार बनाया गया है। पीड़ित की शिकायतों की अनदेखी करने वाले थानेदारों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।