भूमि पर कब्जे के लिए भटक रही शहीद सैनिक की मां
सलोन (रायबरेली)। तहसील क्षेत्र में दबंगई के बल पर अवैध कब्जा करने वालों के हौसले बुलंद हैं। शहीद सैनिक की भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया। शहीद की मां भूमि पर कब्जा पाने के लिए दर-दर भटक रही है। सलोन तहसील के पूरे बैसन मजरे सरांय निवासी गायत्री देवी ने बताया कि उसने वर्ष 1984 में गांव के ही शिवबहादुर सिंह से जमीन खरीदी थी। इसके बाद गांव के ही लोगों ने जबरन टीन शेड डालकर अवैध कब्जा कर लिया है। इसकी शिकायत कई बार तहसील के अधिकारियों से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़िता ने बताया कि उसका पुत्र सुरेंद्र बहादुर सिंह जालंधर में स्पेशल कमांडो फोर्स में तैनात था। 2010 में वह शहीद हो गया। इसके बाद विपक्षियों ने बेसहारा समझकर उसकी जमीन पर जबरन अवैध कब्जा कर लिया। उपजिलाधिकारी श्रीराम सचान ने बताया कि मामला जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो