रेलवे ने असुरक्षित घोषित किए 16 कर्मचारी आवास
लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र में कई दिनों से हो रही बारिश से रेलवे की सरकारी कॉलोनी में भी जलभराव हो गया। लालगंज रेलवे स्टेशन में तैनात कर्मचारियों के आवासों को पानी भरा होने के कारण असुरक्षित घोषित कर दिया गया। रेलवे की ओर से कॉलोनी में रहने वाले लोगों को नोटिस जारी करते हुए कॉलोनी खाली किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
कई दिनों से हो रही बारिश से रेलवे कॉलोनी में जलभराव और पुराने आवासीय भवन में सीलन आने के बाद रेलवे ने सरकारी आवासों को असुरक्षित घोषित कर दिया। जर्जर मकानों को खतरनाक बताते हुए रेलवे ने अपने सरकारी आवास में रहने वाले कर्मचारियों को नोटिस देकर मकानों को जल्द से जल्द खाली किए जाने के निर्देश दिए हैं। इस नोटिस से कर्मचारियों में हड़कंप है और बारिश भरे इस मौसम में उनके सामने अचानक निवास की विकराल समस्या आ खड़ी हुई है।
रेलवे स्टेशन में तैनात कर्मचारियों के रहने के लिए रेलवे द्वारा टाइप-थ्री, टाइप टू और टाइप वन के 16 आवास बने हैं। यह आवास करीब 60 वर्ष पुराने हैं। बारिश होने पर आवासों में पानी भर जाता है। जिसके चलते जांच होने के बाद इन आवासों को असुरक्षित घोषित कर दिया गया। रेलवे के वरिष्ठ खंड अभियंता कार्य रायबरेली अरुण मिश्रा ने कर्मचारियों को नोटिस भेजकर आवास खाली किए जाने के निर्देश दिए हैं। नोटिस को आवास में रहने वाले कर्मचारी राजबहादुर, रामगोपाल सिंह, मनोहर, मुस्तकीम खान ने रिसीव किया है। इसके अलावा आवास में रहने वाले कर्मचारी विकासमणि त्रिपाठी, अशोक मीना, हेतराम, कृष्णानंद, केके सिंह, अरविंद, लक्ष्मण, बसंती, श्यामलाल, माधुरी, विनोद व लल्लू ने नहीं रिसीव किया है। कर्मचारियों का कहना है कि उनके परिवार के लोग आवास में रहते हैं। रेलवे द्वारा बिना आवास का निर्माण किए उन लोगों को आवास खाली किए जाने का नोटिस दे दिया गया है। स्टेशन अधीक्षक एसके त्रिपाठी ने बताया कि विभागीय अभियंता द्वारा भेजा गया नोटिस जर्जर आवासों में रह रहे लोगों को रिसीव करा कर उनसे मकान खाली करने का अनुरोध कर लिया गया है।