अजय व राजेश को सौंपी संरक्षक की जिम्मेदारी
रायबरेली। जिला पुस्तकालय के कॉमन हाल में रविवार को ऑल टीचर इंप्लाइन एसोसिएशन (अटेवा) के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें सदस्यता अभियान पर चर्चा की गई। साथ ही पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन को और तेज करने पर विचार विमर्श किया गया। इस दौरान सर्वसम्मति से अजय प्रताप सिंह व राजेश यादव को अटेवा का संरक्षक बनाया गया है। जिला संयोजक अखिलेश सिंह ने कहा अटेवा का सदस्यता अभियान 15 जुलाई से 15 सितंबर तक व्यापक रूप से चलाया जाएगा। जिला संरक्षक राजेश यादव व अजय प्रताप सिंह ने कहा इस बार अटेवा की सदस्यता न्याय पंचायत स्तर तक पहुंचाकर इस अभियान को सफ ल बनाना है। जिला महामंत्री राजकुमार गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष अंजनी मौर्य, सहसंयोजक इरफान अहमद व सहसंयोजिका प्रकाशिनी पांडेय ने अटेवा के सदस्यता अभियान में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिला मीडिया प्रभारी उत्कर्ष सिंह व जिला सोशल मीडिया प्रभारी मोहम्मद नसीम ने सदस्यता अभियान के व्यापक प्रचार प्रसार पर जोर दिया।