पुलिया से टकराकर खड्ड में पलटी बस, 20 घायल
चार की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
रायबरेली से सवारियां भरकर हैदरगढ़ जा रही थी डग्गामार बस
अमर उजाला ब्यूरो
शिवगढ़ (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बेकाबू डग्गामार बस पुलिया से टकराकर खड्ड में पलट गई। उस पर सवार करीब 20 लोग घायल हो गए। इतना ही नहीं चार लोग बस में फंसे रह गए। उन्हें आसपास के लोगों ने बाहर निकाला। घायलों को महराजगंज सीएचसी में भर्ती कराया, जबकि अन्य 16 लोगों को मामूली चोटें आई थी, जो आसपास के झोलाछाप से इलाज कराकर अपने घर चले गए। मौका पाकर चालक और परिचालक भाग निकले।
रायबरेली से एक डग्गामार बस सवारियां भरकर हैदरगढ़ की ओर जा रही थी। शिवगढ़ थाने की गुमावां चौकी क्षेत्र के रानी का पुरवा गांव के पास एक पुलिया से टकराने के बाद सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। बस पलटने से चीख पुकार मच गई। बस पर सवार लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया। इनमें चार लोगों बस से नहीं निकल पाए, जिन्हें ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची 108 नंबर एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी महराजगंज में भर्ती कराया गया।
आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि बस बेकाबू होने पर चालक और परिचालक बस से कूदकर भाग गए थे। चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया कि बस पर करीब 20 लोगों के सवार होने का अनुमान है। गंभीर रूप से घायल कृष्णा देवी (60) निवासी मउगोरपुर थाना हैदरगढ़ जिला बाराबंकी, मीना पत्नी नन्हेलाल (40) निवासी रतापुर थाना मिल एरिया, सियावती (46) पत्नी महेश प्रसाद निवासी पोखरा थाना हैदरगढ़ जिला बाराबंकी, रंजना (46) पत्नी स्वर्गीय भगवती प्रसाद निवासी पूरेकलंदर थाना जैतपुर जिला बाराबंकी को सीएचसी महराजगंज में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आई थी। वह इधर-उधर इलाज कराकर दूसरे वाहन से चले गए।
इंसेट :
ट्रक होटल में घुसा, दो गंभीर
ऊंचाहार (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक ट्रक बेकाबू होकर होटल में घुसने के बाद पलट गया। इससे ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ऊंचाहार में भर्ती कराया गया है। यह हादसा बस स्टेशन के पास हुआ। इलाहाबाद से लखनऊ की ओर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे एक होटल में घुसने के बाद पलट गया। घटना रात में हुई, इसलिए होटल बंद था। अन्यथा बड़ा हादसा होता। आसपास के ग्रामीणों ने ट्रक चालक पंकज कुमार और खलासी महेश कुमार निवासी ऐहार कोतवाली लालगंज को सीएचसी में भर्ती कराया है।