पिकअप की टक्कर से किसान की जान गई
- गुस्साए लोगों ने वाहन को किया आग के हवाले
- सलोन-करहिया मार्ग पर हादसा, सीओ सलोन ने शांत कराया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
डीह (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से एक किसान की मौत हो गई। चालक गाड़ी खड़ी करके मौके से भाग खड़ा हुआ। हादसे से ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होेंने पिकअप को आग के हवाले कर दिया। सूचना पर सीओ व कोतवाल ने पहुंचकर किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराकर आग को बुझाया।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के बरियार का पुरवा मजरे रतासो गांव निवासी अमर बहादुर किसानी करता था। शाम को सलोन-करहिया मार्ग पर पैदल कहीं जा रहा था। इसी बीच धान लदी पिकअप ने पीछे से अमर बहादुर को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे की जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। सभी आक्रोशित हो उठे और पिकअप में आग लगा दी।
देखते ही देखते पिकअप धू-धू करके जलने लगी। सूचना पर सीओ सलोन चरन सिंह व कोतवाल लक्ष्मीकांत मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों को शांत कराकर आग बुझवाई। किसान की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पिकअप अतागंज गांव के रहने वाले एक व्यक्ति की बताई जा रही है। कोतवाल का कहना है कि चालक मौके से फरार हो गया। तहरीर पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे पर लग्जरी कार ने वृद्धा को रौंदा
रायबरेली (ब्यूरो)। लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर रतापुर के पास गुरुवार शाम लग्जरी कार ने एक वृद्धा को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लिया। धमसी राय का पुरवा की रहने वाली संजीला (80) पत्नी बैजनाथ किसी काम से रतापुर चौराहे आई थी। लखनऊ से इलाहाबाद की तरफ जा रही लग्जरी कार ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। थानेदार विजय प्रताप यादव का कहना है कि चालक वाहन समेत फरार हो गया। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।