एक ओर प्रदेश सरकार शहरी उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली दिए जाने का दावा कर रही हैं, लेकिन यहां पर मामूली बारिश होने पर बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। शहर के इंदिरा नगर और कठगर विद्युत उपकेंद्र की 33 केवीए लाइन में फॉल्ट आया।
सबसे बड़ी बात यह है है कि आठ घंटे बाद भी पावर कॉर्पोरेशन के अभियंता फॉल्ट को नहीं खोज पाए। इससे करीब 20 मोहल्लों की 50 हजार आबादी को बिजली की समस्या से जूझना पड़ा। देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
शुक्रवार को दोपहर साढ़े बारह बजे बारिश के दौरान त्रिपुला ट्रांसमिशन से इंदिरा नगर उपकेंद्र को जाने वाली 33 केवीए लाइन में फॉल्ट आने के बाद आपूर्ति ठप हो गई। शहर के इंदिरा नगर विद्युत उपकेंद्र से करीब आनंद नगर, राजकीय कॉलोनी, आरडीए, इंदिरा नगर, आकाश नगर , प्रकाश नगर, कैनाल रोड सहित दो दर्जन मोहल्लों को आपूर्ति होती है।
इन मोहल्लों में करीब 10 हजार उपभोक्ता हैं। दोपहर से बिजली न आने नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लोगों के घरों में लगे यूपीएस बंद हो गए। ऐसे में लोगों को मोबमत्ती जलाकर कामकाज निपटाना पड़ा।
इंदिरा नगर से डलमऊ क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र कठगर को जाने वाली 33 केवीए लाइन में जगह-जगह फॉल्ट आए। इससे आपूर्ति बाधित हो गई। उपकेंद्र से जुडे़ करीब पांच हजार उपभोक्ताओं को दोपहर बाद दो बजे आपूर्ति मिली। इसी तरह ऊंचाहार और गदागंज क्षेत्र में कई जगह फॉल्ट आने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।