शिवगढ़ (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात चोरों ने दो दुकानों और मकान से नकदी समेत दो लाख रुपये का माल पार कर दिया। एक किराने की दुकान में चोरी का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरी की घटना पर व्यापारियों का कहना है कि थानेदार समेत पुलिसकर्मी रात्रिगश्त पर निकलते नहीं हैं। जल्द वारदात का खुलासा नहीं हुआ तो धरना दिया जाएगा।
बैंती कस्बा निवासी शिवम साहू उर्फ लक्की अपने मकान में ही ज्वैलर्स और मोबाइल की दुकान चलाता है। रात करीब साढ़े 12 बजे चोर छत के रास्ते घर के अंदर घुस आए। घर में रखे पांच हजार के कपड़े, 80 हजार रुपये की नकदी ज्वैलर्स और मोबाइल की दुकान से 10 हजार की नकदी पार कर दी। यहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर घटना को अंजाम देते दिखे। इसके बाद चोर यहीं के रहने वाले रामनरेश गौतम के मकान में चैनल का ताला तोड़कर चोर घर के अंदर घुस गए।
कमरे के अंदर रखे बक्से में रखे बर्तन, कपड़े और दो हजार रुपये की नकदी पार कर दी। इसके बाद चोर बैती के ही रहने वाले संजय गुप्ता के यहां दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे, लेकिन किराने की दुकान का दरवाजा नहीं खोल पाए और चोर वापस लौट गए। जहां पर घटना हुई, उसी के बगल में बैंक है। यहां पर पुलिस कर्मी रहते हैं, लेकिन उन्हें भी चोरी की भनक तक नहीं लगी। घटना से व्यापारियों में आक्रोश है। थानाध्यक्ष जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि जानकारी हुई है, जांच की जा रही है।