पल्स पोलियो प्रतिरक्षण कार्यक्रम के तहत शनिवार को रोवर्स-रेंजर्स व छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। डीएम सूर्यपाल गंगवार ने पूर्व माध्यमिक स्कूल चक अहमदपुर परिसर में स्थित स्काउट भवन से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
शहर के कई मार्गों से गुजरी रैली के माध्यम से छात्रों ने लोगों से बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की।
स्काउट भवन से निकली रैली कचहरी रोड, कोतवाली रोड, घंटाघर, सुपर मार्केंट, अस्पताल चौराहा होते हुए जिला अस्पताल पहुंची।
सीएमओ डॉ. राकेश कुमार यादव ने बताया कि पल्स पोलियो कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिले के 1,672 बूथों पर ढाई लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। बच्चों को बूथों तक घर से लाने के लिए 1113 टीमें बनाई गई हैं। 29 ट्रांजिट टीम, 39 मोबाइल टीमें बनाई गई हैं।
कार्यक्रम में 339 पर्यवेक्षक नजर रखेंगे। 21 फरवरी को बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। सीएमओ ने कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि वह अपने बच्चों को जरूर पोलियो की खुराक पिलाएं। उन्होंने कर्मियों से कहा कि वह इसमें किसी तरह की ढिलाई न बरतें, वरना कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर सीडीओ अनूप कुमार, एसीएमओ डॉ. एसके चक, बीएसए रामसागर पति त्रिपाठी, बीईओ शशि प्रभा पांडेय, लक्ष्मीकांत शुक्ला आदि मौजूद रहे।