जूनियर स्कूलों में 436 विज्ञान व गणित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने के लिए शनिवार को स्काउट भवन में काउंसलिंग हुई। महिला व निशक्त अभ्यर्थियों को स्कूल लॉक करने के लिए बुलाया गया था।
सुबह से ही काउंसलिंग में शामिल होने के लिए महिलाओं की भीड़ लग गई। शाम तक 215 अभ्यर्थियों में 193 ने काउंसलिंग में मनपसंद स्कूल को लॉक किया।
किन्हीं कारणों से 23 अभ्यर्थी नहीं आ सके। उन्हें अब मौका नहीं मिलेगा। पुरुष अभ्यर्थियों को रोस्टर के हिसाब स्कूल का आवंटन होगा।
जुलाई 2014 से जिले में 436 गणित व विज्ञान शिक्षकों की भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू की गई थी। सात बार काउंसलिंग होने के बाद हाईकोर्ट ने नियुक्ति पत्र देने पर रोक लगा दी थी।
अब 21 सितंबर तक सभी केे नियुक्ति पत्र देने के आदेश दिए गए। आदेश के बाद शनिवार को महिला अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया।
इसमें विज्ञान वर्ग में 134 में 119 महिला अभ्यर्थी और पांच निशक्त में दो निशक्त अभ्यर्थी स्कूल लॉक करने के लिए पहुंचे। गणित विषय में 72 महिलाओं में 68 और चार निशक्तों में तीन निशक्त अभ्यर्थी काउंसलिंग में शामिल हुए।