रायबरेली। जिले में पोषण अभियान का सच जानने के लिए सोमवार को केंद्रीय पोषण अभियान के अधिशासी निदेशक आदित्य चोपड़ा व डॉ. आलोक रंजन के नेतृत्व में टीम यहां पहुंची। टीम ने हरचंदपुर के शोभापुर व राही ब्लॉक के जगदीशपुर आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंचकर कुपोषित बच्चों का हाल जाना। यहां कुपोषित बच्चों का बर्थडे मनाने के साथ ही गांव की गर्भवती महिलाओं से मुलाकात करके उन्हें स्वस्थ रहने के टिप्स दिए।
टीम में शामिल अपर परियोजना प्रबंधक लिली सिंह, मोहिनी सबसे पहले हरचंदपुर ब्लॉक के शोभापुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं। यहां महिलाओं के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनकर कई जानकारियां दीं। पोषण, एनीमिया, स्वच्छता के संबंध में गांव के लोगों से फीडबैक लिया। टीम ने केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों को देखकर खुशी जाहिर की।
राही ब्लॉक के जगदीशपुुर स्थित केंद्र पर पहुंचकर टीम ने गर्भवती महिलाओं व कुपोषित बच्चों का हाल जाना। केंद्रों का निरीक्षण करने के बाद जिला मुख्यालय पहुंची टीम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय मेें सीडीपीओ के साथ बैठक की। इस मौके पर मनोज यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी कन्हैया लाल आदि मौजूद रहे।