रायबरेली। सावन के तीसरे सोमवार को शिवालयों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजे। भोर से ही जलाभिषेक और पूजा पाठ के लिए भक्तों का जमावड़ा लग गया। इसमें बड़ों से लेकर बच्चों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिवालयों में भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, अक्षत, रोली, चंदन, दूध के साथ देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
शहर स्थित जगमोहनेश्वर मंदिर चंदापुर कोठी, महाकालेश्वर मंदिर इंदिरा नगर, डिग्री कॉलेज पहलवान वीरबाबा मंदिर डिग्री कॉलेज चौराहा, सर्वेश्वर शिव मंदिर सर्वोदय नगर में सुबह से ही शिव भक्तों का आना शुरू हो गया। मंदिरों के घंटे घड़ियाल बजने लगे। सुबह होते-होते भक्तों की लाइनें लगी नजर आईं। इसमें बड़ों के साथ बच्चों की संख्या भी कम नहीं थी।
लोग एक-करके मंदिर पहुंचते और जलाभिषेक करके लौटते। जगमोहनेश्वर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष राघव मुरारका ने बताया कि भोर से ही भक्तों ने मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया।
उधर, सावन के तीसरे सोमवार को बछरावां क्षेत्र के पौराणिक शिव मंदिर भंवरेश्वर शिव मंदिर सुदौली में लखनऊ, उन्नाव व रायबरेली जनपद से हजारों शिवभक्त रात से ही पैदल व वाहनों से पहुंचने लगे और रात्रि 12.00 बजे से ही शिव भक्तों ने भंवरेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।
वहीं क्षेत्र के कंजेश्वर धाम पस्तौर, झारखंडेश्वर शिव मंदिर समोधा, समाधानेश्वर बछरावां, बुलाकेश्वर मंदिर कूटी मोहल्ला सहित क्षेत्र के सभी शिव मंदिरों पर रात से ही शिव भक्तों का तांता लगा रहा। हजारों शिव भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, अक्षत, रोली, चंदन, दूध के साथ देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
सिंहपुर क्षेत्र के पौराणिक शिव मंदिर झारखंडेश्वर पूरे भवानी प्रसाद में हजारों शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया। वहीं, सिंहपुर शिवालय, अहोरवा भवानी स्थित शिव मंदिर में भी भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, अक्षत, रोली, चंदन, दूध के साथ देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
जगतपुर प्रतिनिधि के मुताबिक शिव भक्तों ने शिवालयों में पहुंचकर पूजा अर्चना करने के साथ जलाभिषेक किया। जगतपुर क्षेत्र के सरायश्रीबख्श स्थित झारखंडेस्वर में सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। इस दौरान भक्तों ने ऊं नम: शिवाय और जय-जय बम बम भोले के नारे लगाए।