मछली कारोबारी के चालक की गला घोंटकर हत्या
सलोन (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के सलोन देहात में गोदाम में सो रहे कारोबारी के ड्राइवर की गुरुवार रात हत्या कर दी गई। प्लास्टिक की रस्सी व सीसीटीवी के केबल से उसका गला घोंटा गया था।
वहीं हत्यारे सुबूत मिटाने के लिए कक्ष में लगे सीसीटीवी की हार्ड डिस्क भी अपने साथ उठा ले गए। शुक्रवार तड़के वारदात की खबर मिलते ही सनसनी फैल गई।
सूचना पर एसपी शिवहरि मीणा, एएसपी शशि शेखर सिंह के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने व्यवसायी हाजी मो. वसीम की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
कोतवाली सलोन क्षेत्र के मोहल्ला करीमगंज निवासी हाजी मो. वसीम की सलोन देहात में न्यूरी के तालाब के समीप मछली की आढ़त है।
यहां क्षेत्र और गैर जनपदों के लिए लोडर और ट्रकों से मछली की डिलीवरी की जाती है। आढ़त पर पिछले दस साल से काम कर रहे ड्राइवर अकबर उर्फ मुन्ना (40) निवासी तेजगढ़ बिरनावा थाना लालगंज आझारा जनपद प्रतापगढ़ गुरुवार रात अलग-अलग जनपदों के लिए मछली की गाड़ियां लोड करवाया था। ट्रकों पर मछली लोडिंग होने के बाद मजदूर घर चले गए थे।
चालक अकबर भी शटर में ताला लगाकर आढ़त स्थित ऑफिस के कमरे में सोने चला गया था। रात में अज्ञात लोगों ने आढ़त पर पहुंचकर प्लास्टिक की रस्सी व सीसीटीवी केबल से उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।
घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारे कार्यालय में लगी सीसीटीवी की हार्ड डिस्क भी अपने साथ उठा ले गए। उधर, शुक्रवार सुबह मजदूर जितेंद्र आढ़त पर पहुंचा तो ऑफिस में बेड पर लाश पड़ी थी।
सूचना पर आढ़ती व कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह के साथ एसपी व एएसपी भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम प्रभारी प्रतिभा त्रिपाठी ने भी जांच की।
सीओ शशिकांत यादव ने बताया कि मछली आढ़ती हाजी वसीम ने अज्ञात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ा जाएगा।