रायबरेली। एक नगर पालिका और आठ नगर पंचायतों में ई-पॉश मशीन से राशन वितरण में सुस्ती पर खाद्य आयुक्त नाखुश है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में लापरवाही पकड़ में आने के बाद 70 प्रतिशत से कम राशन वितरण करने वाले कोटेदारों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। खाद्य आयुक्त के आदेश पर डीएसओ ने शनिवार को 45 कोटेदारों को नोटिस देकर जवाब मांगा है। इससे कोटेदारों में हड़कंप मच गया है।
शासन ने शहरी क्षेत्रों की कोटे की दुकानों पर ई-पॉश मशीन से गरीबों की पहचान करके राशन देने के आदेश दिए हैं। इस महीने कम से कम 90 प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति के आदेश दिए गए थे, लेकिन 45 कोटेदारों ने की प्रगति 70 प्रतिशत भी नहीं पहुंच सकी। हालांकि शासन पिछले कई महीने से लक्ष्य को बढ़ाने के निर्देश दे रहा है, लेकिन शहरी क्षेत्र के कोटेदार मनमानी पर अमादा हैं। गत 22 दिसंबर की देर शाम खाद्य आयुक्त ने इसकी समीक्षा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से की। जिले की प्रगति खराब मिलने पर उन्होंने लापरवाही बरत रहे कोटेदारों के खिलाफ कार्रवाईं के आदेश दिए हैं। खाद्य आयुक्त के आदेश पर डीएसओ न कोटेदारों को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है। 28 दिसंबर तक लक्ष्य के सापेक्ष पूर्ति न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होते ही कोटेदारों में हड़कंप मच गया है।
शहरी क्षेत्र के इन कोटेदारों से मांगा जवाब
नगर पालिका क्षेत्र के कोटेदार जयदीप, सिराज अहमद, संतराम सोनकर, शत्रोहन लाल सोनकर, कमल सिंह, ओम प्रकाश सोनकर, मो. जाहिर, नौसाद अख्तर, लल्लीदेवी, धर्मराज यादव, हरिकिशोर पांडेय, सकुन गुप्ता, गजनफर अली, दुर्गेश कुमार शुक्ला, शिवदेवी, करुणा शंकर मिश्रा, किशोर कुमार, रंजीत कुमार, सारिका शुक्ला, सुंदर सिंह, ललिता सेठ, अजय अग्रवाल, क्रय विक्रय सहकारी समिति सत्यनगर, श्रीमती बानों, रमेशचंद्र श्रीवास्त को नोटिस दी गई है। इसके अलावा नगर पंचायत बछरावां के कोटेदार शरफुद्दीन, आयशा खातून, महराजगंज के जियाउल हक, लालगंज की ताहिरा बानों, लालगंज के रंजीत कुमार, क्रय विक्रय सहकारी समिति लालगंज, प्रवीण कुमार, कृष्ण कुमार गुप्ता, हरिलाल, बछरावां के सुभाषचंद्र, डलमऊ के शिवगोपाल सोनकर, घनश्याम गुप्ता, सलोन के दिनेश कुमार, लालगंज के कुंवर बहादुर सिंह को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। साथ ही 28 दिसंबर तक लक्ष्य के सापेक्ष पूर्ति करके रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं।
ई-पॉश मशीन से राशन वितरण में लक्ष्य के सापेक्ष पूर्ति न होने पर खाद्य आयुक्त ने नाराजगी जताई है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा करके लापरवाही बरतने वाले कोटेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। खाद्य आयुक्त के निर्देश पर शहरी क्षेत्र के 45 कोटेदारों को नोटिस भेजा गया है। लक्ष्य के सापेक्ष पूर्ति न करने पर कोटेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। -केएन सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी