बुजुर्ग वोटरों ने मतदान में दिखाई जिम्मेदारी
रायबरेली। जिले की नगर निकायों में अध्यक्षों समेत सभासद व सदस्य पद के लिए अपना जनप्रतिनिधि चुनने में बुजुर्ग वोटरों ने भी अपनी जिम्मेदारी निभाई। कुछ तो पूरी चुस्ती-फुर्ती के साथ मतदान केंद्र पहुंचे तो कुछ ने किसी का सहारा लेकर वोट डाला। कहीं पर लोग जब गाड़ी लेकर मतदान केेंद्र के गेट तक पहुंचे तो सुरक्षाकर्मियों ने सख्ती दिखाते हुए गाड़ी दूर ले जाने को कहा तो कहीं पर खुद पुलिसकर्मियों ने बुुजुर्गों को सहारा देकर बूथ तक पहुंचाया। बुजुर्ग मतदाताओं ने सुबह से ही वोट डालने की तैयारी की और मतदान कर अपनी जिम्मेदारी निभाई।
नगर पंचायत परशदेपुर में बुजुर्ग वोटर मजीदुन ने घर के युवाओं से पहले मतदान केंद्र जाकर अपना वोट डाला और कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है। नगर पंचायत बछरावां में बुजुर्ग वोटर देशपति, प्रयाग नारायण, रामसेवक, रामरती, प्रेमचंद्र मिश्रा और सुखदेई ने वोट डालने के बाद अंगुली पर लगी स्याही दिखाते हुए कहा कि मतदान हमारा अधिकार है और जिम्मेदारी भी। अपना पसंदीदा जनप्रतिनिधि चुनकर ही अच्छी व्यवस्था पाने के हकदार होंगे। नगर पंचायत परशदेपुर में बुजुर्ग वोटर रामवती और नगर पंचायत सलोन में बुजुर्ग वोटर खलीकुन निशा ने कहा कि कोई कुछ भी कहे, लेकिन वोट देने में खुद के विवेक का इस्तेमाल करना चाहिए।
नगर पंचायत महराजगंज में बुजुर्ग वोटर चंद्रभूषण वैश्य, नगर पंचायत सलोन में बुजुर्ग वोटर चुन्नी देवी व अख्तरुन निशा ने कहा कि वोट डालना बड़ी ही जिम्मेदारी भरा काम है। सभी को मतदान कर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। नगर पंचायत महराजगंज में बुजुर्ग वोटर सरदार महेंद्र सिंह ने कहा कि मतदान हमारा अधिकार है, जिसका इस्तेमाल करके अच्छा जनप्रतिनिधि चुना है।
नगर पालिका रायबरेली में बुजुर्ग वोटर मो. यूसुफ और अमृतलाल अपने परिचित के साथ सहारा लेकर मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने कहा कि एक-एक वोट की कीमत होती है। कोई वोट बेकार नहीं जाना चाहिए। पसंदीदा प्रत्याशी चुना जाएगा तो व्यवस्था को भी बेहतर किया जा सकेगा। इसी तरह नगर पालिका रायबरेली में बुजुर्ग वोटर इंदिरा देवी, कैलाश यादव और रमा गुप्ता ने कहा कि अधिक से अधिक मतदान के जरिए ही अच्छे जनप्रतिनिधि चुनकर सदन तक पहुंचेंगे। इससे अच्छा काम और विकास हो सकेगा। इसीलिए वह खुद मतदान करने पहुंची हैं। बुजुर्ग होने के साथ परिवार के बाकी सदस्यों को भी वोट डालने के लिए प्रेरित किया, जिससे वे भी मतदान करने पहुंचे।