आस्तीक देव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
हरचंदपुर (रायबरेली)। आस्तीक देव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए गुरुवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सई नदी में स्नान करके लोगों ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद बाबा आस्तीक देव से मनौती मांगी। यह सिलसिला सुबह से शुरू होकर देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान पुलिस प्रशासन सतर्क रहा।
लखनऊ-इलाहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गंगागंज कस्बे से लगभग चार किमी दक्षिण में स्थित लालूपुर खास गांव के बाबा आस्तीक देव का मंदिर में सुबह से ही लोगों का तांता लगा रहा। नागपंचमी के एक दिन पहले यहां पर पूजा पाठ के लिए भक्त पहुंचते हैं। मध्यरात्रि के बाद पुजारी गुड्डू पंडित ने पूरे विधि-विधान से हवन।पूजन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का कपाट खोल दिया गया। तड़के चार बजे से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। पैदल, सवारी गाड़ी, बाइक तो कोई नाव से बाबा के दरबार में पहुंचकर हाजिरी लगाई। इस दौरान सई नदी के दूसरे छोर पर बसे गांवों के लोग नाव से होकर पूजा करने पहुंचे। मंदिर के किनारे बह रही सई नदी में लोगों ने स्नान किया। इसके बाद कदंब की बनी खमिया चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। कमेटी के प्रदीप श्रीवास्तव, अरविंद श्रीवास्तव, अमरेश मंदिर परिसर की व्यवस्था को संभालने के साथ ही श्रद्धालुओं की मदद भी की। जाम की स्थिति न होने पाए, इसके लिए बड़े वाहनों को मुबारकपुर और मझिगवां करन गांव से होकर निकाला गया।