खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में घुसी बेकाबू कार, उड़े परखच्चे
हरचंदपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में बेकाबू कार जा घुसी। इससे कार पर सवार कपड़ा व्यवसायी की मौत हो गई, जबकि भांजा समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां भांजे की हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
शहर के घंटाघर निवासी फैजी हाशमी (45) रेडीमेड कपड़ा व्यवसायी था। कपड़ा खरीदने के बाद कार पर सवार होकर लखनऊ से घर लौट रहे थे। हाईवे पर हरचंदपुर कस्बे से कुछ आगे जैसे ही कार पहुंची, वैसे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां फैजी हाशमी की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के अमन निवासी डलमऊ और गोरा बाजार के जुनैद आलम घायल हो गए। अमन की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया है। कपड़ा व्यवसायी की मौत की सूचना पाकर जिला अस्पताल में व्यापारियों का मजमा लग गया। परिवारीजनों में कोहराम मच गया। थानेदार धीरेंद्र यादव का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।