मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा क्लीनिक सील
- डीआई ने मारा छापा, दवाएं जब्त, झोलाछाप कर रहा था इलाज
अमर उजाला ब्यूरो
डीह (रायबरेली)। डीह ब्लॉक क्षेत्र में बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर की आड़ में क्लीनिक संचालित किया जा रहा था। डीआई दीपक शर्मा ने बुधवार को छापा मारा तो इसका खुलासा हुआ। क्लीनिक को सील कर दवाएं जब्त कर ली र्गइं। दो दवाओं के नमूने भी भरे गए। छापेमारी की सूचना पर कई संचालक तो दुकानें बंद करके भाग खड़े हुए।
औषधि निरीक्षक दीपक शर्मा ने डीह ब्लॉक क्षेत्र के बुधई का पुरवा में संचालित मो. अतहर की क्लीनिक पर छापा मारा। डीआई के मुताबिक बिना लाइसेंस के क्लीनिक के साथ ही मेडिकल स्टोर संचालित किया जा रहा था। छापे के दौरान क्लीनिक से काफी दवाएं मिली। क्लीनिक संचालक से कागजात मांगे तो कोई कागजात नहीं दिखा पाया। इस पर दवाएं जब्त करके क्लीनिक सील कर दिया गया। छापे की सूचना पर झोलाछाप व मेडिकल स्टोर संचालक दुकान बंद करके भाग गए। औषधि निरीक्षक ने बताया कि वाइसोलेन टैबलेट और एटी प्लस सीरप का नमूना भरा गया है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई।