नसीराबाद (रायबरेली)। नकाबपोश बदमाशों ने सोमवार को एक दुकानदार से दिनदहाड़े तमंचे के बल पर 19 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सीओ और एसओजी टीम ने घटना की जांच की। पीड़ित दुकानदार के बयान दर्ज किए गए हैं।
नसीराबाद थाना क्षेत्र के मेदापुर गांव निवासी महेश कुमार के मुताबिक वह छतोह ब्लॉक के पास साइकिल व बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। सुबह नौ बजे बाइक व साइकिल रिपेयरिंग के लिए पार्ट्स की खरीदारी करने के लिए अमेठी जिले के बहादुरपुर बाजार जा रहे थे। सलोन-जायस मार्ग से मेंदापुर गांव जाने वाली सड़क पर डेरा मजरे छतोह गांव के सामने पहुंचे थे कि बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
बदमाशों ने बाइक की चाभी मांगी। कहा, मोटरसाइकिल स्टार्ट करना है। चाभी देने के बाद एक बदमाश ने कहा कि मिस्त्री पैसा निकालो। उसने कहा कि पैसा नहीं है तो दूसरे बदमाश ने गालीगलौज करते हुए कनपटी पर तमंचा तान दिया। जबरन जेब में रखे 19 हजार 700 रुपये छीन लिए। इससे पहले कि दुकानदार शोरगुल मचाता, बदमाश बाइक पर सवार होकर भाग निकले।
प्रधान ब्रजपाल पासवान ने लूट वारदात की सूचना यूपी-112 पुलिस को दी। इस पर यूपी पुलिस के अलावा सीओ सलोन प्रदीप कुमार, एसओजी प्रभारी विजेंद्र शर्मा ने मौके पर पहुंचकर दुकानदार से घटना की जानकारी ली। सीओ ने बताया कि अज्ञात में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
दिनदहाड़े हुई लूट की घटना ने पुलिस की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है। लोगों में पुलिस के प्रति गहरी नाराजगी है। सीओ के मुताबिक घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। संदिग्ध लोगों को हिरासत में भी लेकर पूछताछ कराई जा रही है। जल्द लूट की घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।