जगतपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम ट्रैक्टर को ओवरटेक करने को लेकर बाइक दो सवार युवकों की तमंचे के बट से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उमरी गांव निवासी अभिषेक और शंभू प्रसाद बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में गांव के प्रशांत शुक्ला का ट्रैक्टर चालक लेकर जा रहा था।
रास्ते में ओवरटेक करने के चक्कर में चालक से बाइक सवार युवकों की कुछ कहासुनी हुई। इस पर चालक ने ट्रैक्टर मालिक को बुला लिया।
इतनी सी बात पर प्रशांत शुक्ला अपने सहयोगी आशीष शुक्ला, अभय सिंह उर्फ नीरज, दीपक के साथ मौके पर पहुंच गया। सभी ने मिलकर दोनों की जमकर पिटाई की।
कट्टे की बट से भी पीटा। थाने में शिकायत करने पर जाति सूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। एसओ बृजमोहन ने बताया कि अभिषेक की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।