सराफ से लूट करने वाला गैंग के तीन बदमाश दबोचे
रायबरेली। खीरों पुलिस और स्वॉट टीम ने सराफ व्यापारियों के साथ लूटपाट करने वाले एक गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के तीन बदमाश दबोचे हैं।
पूछताछ में पता चला है कि यह गैंग वारदात को अंजाम देने से पहले रेकी करता था। फिर दुकान बंद कर घर लौटते समय व्यापारियों से लूटपाट करता था।
बदमाशों ने करीब दस दिन पहले एक सराफ से लूट की घटना को अंजाम देने की बात कुबूली है। बदमाशों के पास से लूटे गए जेवरात, बाइक व पिस्टल बरामद हुई है।
पुलिस कार्यालय में मंगलवार को एसपी शिवहरि मीणा ने पकड़े गए बदमाशों के बारे में जानकारी दी। एसपी ने बताया कि 13 मई को सराफ ओंकार सोनी को गोली मारकर लाखों रुपये की लूट हुई थी।
घटना के खुलासे के लिए खीरों एसओ शैलेंद्र सिंह, स्वॉट टीम प्रभारी राकेश सिंह को लगाया गया था। पुलिस टीम ने सोमवार रात खंडेपुर पुलिया के पास से तीन बदमाशों को दबोचा।
एसपी ने बताया कि इन तीनों की पहचान लालगंज क्षेत्र के दतौली गांव निवासी प्रदीप कुमार, सूरज यादव, आनापुर गांव के रहने वाले अनिल सिंह उर्फ रिंकू के रूप में हुई है।
इनके पास से लूटे गए दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी पायल, नौ जोड़ी बिछिया आदि सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं। इसके अलावा एक पिस्टल, लूट में प्रयुक्त की गई बाइक भी मिली है।
एसपी ने बताया कि यह गैंग क्षेत्र के सराफ व्यापारियों पर नजर रखता था। रेकी के बाद लूट की जाती थी। एसपी ने खुलासे करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की।