प्रधान के दो पदों समेत 164 सीटों के लिए नामांकन आज
रायबरेली। जिले में प्रधान के दो, क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक और ग्राम पंचायत सदस्य के 161 खाली पदों को भरने के लिए चुनाव की घोषणा कर दी गई है।
इसके लिए 12 फरवरी को ब्लॉक मुख्यालयों पर नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। दीनशाह गौरा, डीह और सलोन के अलावा जिले के अन्य सभी ब्लॉकों में चुनाव का कार्यक्रम होगा। 22 फरवरी को मतदान होगा।
लालगंज और सरेनी ब्लॉकों में प्रधानों के एक-एक पद खाली हैं। इसके अलावा छतोह में क्षेत्र पंचायत सदस्य का एक पद खाली है।
जिले में ग्राम पंचायत सदस्यों के 161 पद खाली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) संजय कुमार खत्री ने इन पदों को भरने के लिए चुनाव की घोषणा की है।
उन्होंने बताया कि ब्लॉकों में 12 फरवरी को नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद 13 फरवरी को जांच के बाद 15 फरवरी को पर्चा वापस लिया जा सकेगा।
15 फरवरी को ही प्रतीक चिह्न का आवंटन होगा। 22 फरवरी को मतदान और 24 फरवरी को मतगणना होगी। सहायक निर्वाचन अधिकारी आरके शुक्ला ने बताया कि चुनाव के लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। आरओ और एआरओ भी तैनात कर दिए गए हैं।