धूमधाम से पूजे गए देव शिल्पी
रायबरेली। नगर से देहात तक निर्माण के देवता विश्वकर्मा भगवान की जयंती रविवार को धूमधाम से मनाई गई। कहीं पर हवन-पूजन तो कहीं पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर लोगों ने उनको नमन किया। कार्यशाला-कारखानों में विधिवत हवन-पूजन के साथ प्रसाद वितरण भी किया गया। इस अवसर पर केंद्र-राज्य के सरकारी कर्मियों-अधिकारियों, दुकान मालिकों-उनके कारीगरों ने हवन-पूजन किया।
रायबरेली डिपो स्थित कार्यशाला में कर्मचारियों ने विश्वकर्मा भगवान की पूजा की और कल्याण की कामना की। इस मौके पर एआरएम आरपी सिंह, चंदनलाल, महेंद्र राम, अशोक पांडेय, रामहर्ष, प्रेम कुमार आदि मौजूद रहे। रेलवे स्टेशन के वर्कशॉप में कर्मचारियों ने पूजा पाठ किया। दरियापुर स्थित एम्स में विश्वकर्मा जयंती पर हवन किया गया और इसके बाद भंडारे में लोगों ने प्रसाद छका। इस मौके पर हेमेंद्र, विपिन कुमार, अरुण कुमार, अंकुश, प्रवीन गुप्ता आदि मौजूद रहे।
खीरों प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र में लोहा के कारोबारियों के साथ ही अन्य दुकानदारों ने रविवार को भगवान विश्वकर्मा की धूमधाम से पूजा अर्चना की। सभी दुकानदारों ने अपने तराजू बांट के साथ औजारों की साफ -सफाई कर फूल माला चढ़ाई। कीर्तन, भजन आदि विभिन्न कार्यक्रम भी हुए। देवगांव, सेमरी, निहस्था, पाहो, महरानीगंज में भी धूमधाम से विश्वकर्मा जयंती मनाई गई।
परशदेपुर प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के मटियारा चौराहे पर स्थित कारखाने पर जितेंद्र विश्वकर्मा ने की। विद्युत उपकेंद्र छतोह में भगवान विश्वकर्मा की पूजा हुई। इस मौके पर महेश विश्वकर्मा, राम अभिलाष विश्वकर्मा, जेई जीशान अंसारी, मधुकर सिंह आदि मौजूद रहे।
महराजगंज प्रतिनिधि के मुताबिक दयालु मिस्त्री के प्रतिष्ठान पर पूजा आरती के बाद प्रसाद बांटा गया। जवाबी कीर्तन का भी लोगों ने आनंद लिया। हैदरगढ़ रोड पर सुखई का पुरवा व रायबरेली रोड पर जीत विश्वकर्मा ने पूूजा पाठ किया। इंडस्ट्रियल एरिया में विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर विश्वकर्मा जी का पूजन किया गया। रोहनिया प्रतिनिधि के मुताबिक ऊंचाहार एनटीपीसी समेत ग्रामीण क्षेत्र में शिल्प कला कौशल में सर्वोच्च व सृष्टि के रचयिता भगवान विश्वकर्मा की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कल कारखानों में मशीनों की पूजा-अर्चना की गई। ट्रांसपोर्ट के व्यवसाय से जुड़े लोगों ने पूजन-हवन के बाद प्रसाद बांटा और और भगवान से सुख समृद्धि की कामना की। ऊंचाहार एनटीपीसी में मुख्य अतिथि समूह महाप्रबंधक आरके सिन्हा ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा अर्चना की। इस मौके पर परियोजना के कर्मचारियों सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। इसके साथ ही ऊंचाहार के बस स्टॉप, मदारी गंज, जमुनापुर चौराहा, बाबूगंज व उमरन, लक्ष्मीगंज बाजार में कल कारखानों में लगी मशीनों की भक्तों ने पूजा अर्चना की।