ऊंचाहार में जीरा को सीज करती जांच टीम।
रायबरेली। दिवाली के त्योहार को देखते हुए लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने शनिवार को ऊंचाहार और अघौरा में कई प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। 175 किलोग्राम घटिया खोया और पनीर नष्ट कराया गया। 8.35 क्विंटल जीरा और मटर दाल जब्त कर सीज कर दी गई। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रतिष्ठानों में खामियां मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मानिक चंद्र सिंह के निर्देशन में टीम ने किशुनपुर ऊंचाहार स्थित चेतन किराना स्टोर का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार त्रिपाठी और उदयराज मौर्य ने जांच के दौरान 44,750 रुपये कीमत का 179 किलोग्राम जीरा सीज किया। इसके अलावा 39,360 रुपये कीमत की 656 किलोग्राम मटर दाल भी जब्त कर सीज कर दी गई। टीम ने जीरा और मटर दाल के नमूने भी लिए।
वहीं, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने अघौरा स्थित धीरेंद्र स्वीट्स और बबलू स्वीट्स का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीप फ्रीजर में 150 किलोग्राम खोया और 25 किलोग्राम पनीर मिला। दोनों खाद्य पदार्थों से दुर्गंध आ रही थी। प्रथम दृष्टया जांच में इनके खराब होने और सेहत के लिए नुकसानदायक होने की आशंका पर टीम ने 44,700 रुपये कीमत का 150 किलोग्राम खोया और 8,400 रुपये कीमत का 25 किलोग्राम पनीर नष्ट करा दिया।
खोया और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि दिवाली को देखते हुए मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।