रायबरेली। लोकसभा चुनाव के लिए बनाए गए 19 जोनल व 168 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की सोमवार को बैठक हुई। एडीएम (प्रशासन) राम अभिलाष ने सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को रूट चार्ट उपलब्ध कराते हुए बूथों का निरीक्षण करने और सुविधाओं के बंदोबस्त के आदेश दिए।
कहा कि चुनाव के दौरान आचार संहिता का पूरी तरह पालन होना चाहिए। मतदान के एक दिन पहले पोलिंग पार्टियों के बूथों तक पहुंचाने की पूरी जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेटों की होगी। इसके लिए वे पहले से ही अपने-अपने सेक्टर के बारे में पूरी जानकारी कर लें।
एडीएम ने कहा कि जिन सेक्टर मजिस्ट्रेटों को पूरी जानकारी नहीं है, वे प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों से जानकारी प्राप्त कर लें। वल्नरेबिल व संवेदनशीलता बूथों पर सुरक्षा के बंदोबस्त के लिए तैयारियों को पूरा कर लें।
बूथों पर बिजली, पानी, शौचालय व रैंप आदि के बारे में भी तैयारियों का जायजा कर लिया जाए। जहां कमियां हों, उन्हें संबंधितों से दूर कराया जाएगा।
मतदान दिवस पर जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने पोलिंग स्टेशन का भ्रमण करते रहेंगे। पूरी सूचना भी उपलब्ध कराएंगे। इस मौके पर सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।