सलोन (रायबरेली)। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से गुरु गोविंद सिंह के 352वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान जो बोले सो निहाल के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। बैंडबाजे की धुन पर लोग खूब थिरके।
सलोन गुरुद्वारा कमेटी की ओर से श्री गुरुग्रंथ साहिब की छत्रछाया एवं पंच प्यारों की अगुवाई में शोभायात्रा निकाली गई। गुरुद्वारा सलोन साहिब से अरदास के बाद शुरू हुई शोभायात्रा कस्बे के रामलीला रोड से होते हुए सब्जी मंडी, स्टेट बैंक, बस स्टॉप, तहसील चौराहा से दुर्गा पूजा पंडाल के समीप पहुंचकर समाप्त हुई।
शोभायात्रा के दौरान संकीर्तन करतीं महिलाएं, हैरतअंगेज करतब दिखाती गतका पार्टियों के पीछे साफ.-सफाई पार्टी चल रही थी। वहीं फूलों से सजी गुरुग्रंथ साहिब की पालकी के साथ जत्थेदार शब्द कीर्तन और गुरुवाणी का गायन कर चल रहे थे। इस दौरान गुरुग्रंथ साहिब की भव्य सजी पालकी, वीर खालसा दल की गतका पार्टी ने हैरतअंगेज कारनामे दिखाए।
दुर्गा पूजा पंडाल के पास एक समागम का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर गुरु सिंह सभा के प्रधान परमजीत सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष अशफाक चौधरी, व्यापारी नेता बसंत सिंह बग्गा, हरिचरन सिंह, मोनू अरोड़ा, जगजीत सिंह, गुरुविंदर सिंह, महेंद्र सिंह मौजूद रहे। गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व पर पंजाब के जगदीप सिंह को देखने वालों की भीड़ रही।