रायबरेली। सांसद सोनिया गांधी के गढ़ में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर हलचल तेज हो गई है। पीएम मोदी 16 दिसंबर को रेल कोच फैक्टरी आ सकते हैं।
कहा जा रहा है कि वह अपने दौरे में न सिर्फ मॉडर्न रेल कोच फैक्ट्री का जायजा लेंगे, बल्कि जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय के शनिवार को यहां हुए दौरे को पीएम के कार्यक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।
पीएम के संभावित दौरे के मद्देनजर मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय ने यहां पहुंचकर रेल फैक्टरी का जायजा लेने के साथ ही अफसरों से बातचीत की।
मुख्य सचिव के दौरे के बाद रविवार को यहां जिला मुख्यालय पर ग्राम्य विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. महेंद्र सिंह यहां पहुंच रहे हैं।
ग्राम्य विकास मंत्री यहां जिले के अधिकारियों और भाजपा के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। यहीं पर आपसी सहमति के बाद तय किया जाएगा कि पीएम जिले के भ्रमण पर किस दिन आ सकते हैं।
मंत्री के आगमन की जानकारी जिला प्रशासन के पास पहुंच गई है। मंत्री के अपर निजी सचिव पवन कुमार वीर की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि मंत्री नौ दिसंबर को सुबह दस बजे निरीक्षण भवन पहुंचेेंगे और 10.30 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री के रायबरेली भ्रमण के संबंध में विचार विमर्श करेंगे।
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाऊस में 11.30 बजे मंत्री कलेक्ट्रेट के बचत भवन पहुंचेंगे, जहां वे डीएम संजय कुमार खत्री के अलावा जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर तैयारियों का खाका तैयार करेंगे।
डीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जिला स्तर पर रविवार को बैठक होनी है। इसमें यह तय हो सकता है कि पीएम किस दिन यहां आएंगे। उन्होंने मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय के रेल कोच फैक्ट्री दौरे के बारे में बताया कि उन्होंने फैक्ट्री देखने की इच्छा जताई थी। इसलिए वे वहां पर गए थे।
राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा पीएम का दौरा
केंद्र की सत्ता में आने के साढ़े चार साल बाद पीएम नरेंद्र मोदी का सोनिया के संसदीय क्षेत्र का दौरा राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसको 2019 लोकसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक लोगों का मानना है कि सोनिया के गढ़ में प्रधानमंत्री जो भी यहां आकर संदेश देंगे, वह 2019 के चुनाव के लिए अहम होगा।
पीएम का आगमन हुआ तो रहेगी कड़ी सुरक्षा-एसपी
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह का कहना है कि पीएम के आगमन की तारीख तय नहीं है, लेकिन रेलवे के अधिकारी पीएम का समय लेने के लिए लगे हुए हैं।