रायबरेली। शहर कोतवाली में हाथी पार्क स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा में गुरुवार रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बैंक के सुरक्षा गार्ड की सूचना पर दमकल टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
कोतवाली पुलिस व बैंक के अधिकारी भी तुरंत पहुंच गए। आग में जरूरी दस्तावेजों के साथ एसी, पंखे, वायरिंग व अन्य सामान जल गया।
फॉल्स सीलिंग जल गई। तिजोरी तक आग नहीं पहुंच पाई, वरना रकम भी जल जाती। करीब 15 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
शहर के हाथी पार्क स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में रात करीब 1.15 बजे अचानक आग लग गई। शाखा के अंदर से से धुआं व लपटें देख अचानक सुरक्षा गार्ड आशुतोष तिवारी की नींद खुल गई।
सूचना पर दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस दौरान कोतवाली पुलिस के साथ ही बैंक के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मनीष तिवारी व शाखा प्रबंधक एसएन झा ने बताया कि गेट के पास ही आग लगने और जल्द ही उस पर काबू पाने के बाद बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने बताया कि शनिवार को भी लेनदेन नहीं होगा, क्योंकि अभी काउंटर बैठने लायक नहीं हैं।
गेट के पास लगे स्वीच से उठी चिंगारी
बीओबी शाखा के मुख्य गेट के पास लगे स्वीच बोर्ड से शार्ट सर्किट हुआ। बताते हैं यहीं से एसी को कनेक्शन गया है। उसी कनेक्शन में स्पार्किंग के दौरान आग लग गई।
शॉर्ट सर्किट मुख्य काउंटरों व दस्तावेज भंडार से दूर होने के कारण ज्यादा नुकसान नहीं हो सका, लेकिन दिनभर यहां कामकाज नहीं हुआ, जिससे ग्राहकों को भटकना पड़ा।