रायबरेली। पुलिस लाइंस सभागार में शनिवार रात अपराध समीक्षा बैठक हुई। इसमें लखनऊ में एपल के मैनेजर विवेक तिवारी की गोली मारकर हत्या करने और बाराबंकी में महिला सिपाही के खुदकुशी की घटना को लेकर एसपी सुजाता सिंह सख्त नजर आईं।
उन्होंने दो टूक कहा कि, पुलिसकर्मी पब्लिक से अच्छा व्यवहार करें। ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे खाकी दागदार हो। उन्होंने कहा कि, सिपाहियों को छुट्टी दी जाए। ये उनका हक है। ऐसा न हो कि छुट्टी न मिलने से पुलिसकर्मी परेशान हों और खुदकुशी करने के लिए मजबूर हो जाएं।
एक घंटे चली बैठक में एसपी ने अपराध नियंत्रण पर चर्चा करने के साथ-साथ पुलिस को जनता के साथ बेहतर ढंग से पेश आने पर फोकस किया। रात में चेकिंग के बाद गश्त के लिए पुलिस टीमें रवाना करने के निर्र्देश दिए।
सख्त लहजे में कहा कि, गुडवर्क जरूर किए जाएं। देखने में आ रहा है कि कई थानेदार लापरवाही बरत रहे हैं। पास्को एक्ट के मामलों में त्वरित कार्रवाई हो। सलोन कोतवाल को जनता के बीच छवि सुधारते हुए कार्य करने की नसीहत दी और एक युवती के गायब होने के मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।
गदागंज थानेदार द्वारा जनता से अच्छा सुलूक नहीं करने की शिकायत पर अच्छा व्यवहार करने की नसीहत दी। उन्होेंने मिल एरिया थाने का सौंदर्यीकरण कराने की बात कही। इसके लिए जल्द धनराशि देने की बात कही। इस मौके पर एएसपी शशिशेखर सिंह, सीओ सदर शेषमणि उपाध्याय, सीओ डलमऊ विनीत सिंह, सीओ महराजगंज गोपीनाथ सोनी, सीओ लालगंज आरपी शाही आदि मौैजूद रहे।