डीह/परशदेपुर (रायबरेली)। नसीराबाद और डीह सीएचसी में सोमवार को आयुष्मान भारत मिशन के तहत लगाए गए स्वास्थ्य मेले में आशा बहुओं के कम आने सेे भाजपा विधायक दल बहादुर कोरी का पारा चढ़ गया। उन्होंने सीएचसी के अधीक्षकों को जमकर फटकार लगाते हुए गैरहाजिर आशा बहुओं के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।
सीएमओ को भी इस संबंध में फोन किया। महमदपुर मजरे जमालपुर हुरैया की सुखरानी ने प्रसव के नाम पर रुपयों की वसूली किए जाने की शिकायत पर नसीराबाद अधीक्षक की जमकर क्लास ली। विधायक के भड़कने से सीएचसी में अफरातफरी का माहौल रहा।
डीह सीएचसी में भी कम आशा बहुएं मिलने पर पहले अधीक्षक को फटकारा, फिर सीएमओ को फोन करके आशा बहुओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसीएमओ डॉ. नागेंद्र प्रसाद को भी विधायक ने खरीखोटी सुनाई। कार्यक्रम में 125 आशाओं में से केवल 40 ही मौजूद रहीं। सीएचसी प्रभारी डॉ. तारिक इकबाल ने बताया की गायब आशाओं पर कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने कहा कि सरकार ने आयुषमान योजना में पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा दी है, ताकि गरीब भी अपना इलाज करा सके। छतोह ब्लॉक प्रमुख सुखबीर सिंह ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर नगर पंचायत नसीराबाद अध्यक्ष के प्रतिनिधि मो. हारुन, सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद शंकर, डा.ॅ खालिद रिजवान, डॉ. मोहित सिंह, शैलेश सिंह, डॉ. अर्पित, डॉ. अजय कुमार, रज्जन आदि मौजूद रहे।