बीएसएनएल का केबल कटा, बैंकों में कामकाज ठप
खीरों (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र में सेमरी-गुरुबख्शगंज मार्ग पर खोदाई के दौरान बीएसएनएल का केबल कटने से बैंकों में कामकाज ठप रहा।
इससे ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ी। यह समस्या दो दिन से चली आ रही है, जिस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इससे लोगों में नाराजगी है।
खीरों कस्बा स्थित भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बडौदा में दो दिन से लेनदेन नहीं हो रहा है। साथ ही दोनों बैंक के एटीएम में सर्वर नहीं होने के कारण काम बंद है।
खाताधारक अंजनी दीक्षित, श्यामशरण यादव, ओम प्रकाश शुक्ला, रामनरेश, मनोज कुमार ने बताया कि लेनदेन न होने के कारण दिक्कत हो रही है।
इस समय सहालग भी चल रही है, जिससे रुपयों की किल्लत से दिक्कत और बढ़ गई है। स्टेट बैंक खीरों के शाखा प्रबंधक सौरभ सिंह ने बताया कि सर्वर नहीं होने के कारण बैंक का काम दो दिनों से पूरी तरह से बंद है। बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधकआनंद कुमार झा ने बताया कि सर्वर न होने से कामकाज प्रभावित है।