हादसों में मां-बेटी समेत चार की मौत
रायबरेली। जिले में शुक्रवार को कोहरा काल बन गया। अलग-अलग हादसों में मां-बेटी, भतीजे समेत चार लोगों की मौत हो गई।
इसमें एक ही परिवार के तीन लोग हादसे का शिकार हुए। उधर, खीरों में ट्रेन पर चढ़ते समय पैर फिसलने से अधेड़ की गिरकर मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह सलोन के करेमुआ गांव निवासी हिना बानो (30) पत्नी शखावत उल्ला अपनी तीन वर्षीय बेटी उजमा को लेकर भतीजे शादाब (18) पुत्र लल्लन के साथ बाइक से ख्वाजापुर में अपने मायके जाने के लिए निकली थी।
तभी लोन-जगतपुर निमिषा कान्वेंट स्कूल के समीप सलोन की तरफ से आ रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में शादाब और उजमा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से जख्मी हुए हिना को पीएचसी सलोन के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ कर भाग निकला। एक साथ तीन लोगों की मौत से परिवारीजनों में हाहाकार मच गया। सलोन कोतवाल जीडी शुक्ला ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रैक्टर चालक की पहचान हो गई है।
वहीं खीरों में गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के नया पुरवा मजरे भीतरगांव निवासी चंद्रशेखर कुरील (50) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
वह अपनी ससुराल खीरों क्षेत्र के केसौली गांव में रहता था। गुरुवार रात वह आंख के इलाज के लिए अपने बेटे करन के पास अमृतसर जा रहा था।
रघुराज सिंह रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पर चढ़ते समय उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।