पांच घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति
रायबरेली। अमावां ट्रांसमिशन में खराबी आने से शहर के दो और ग्रामीण क्षेत्र के एक विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति बुधवार को पांच घंटे ठप रही। बिजली नहीं आने से उपभोक्ता परेशान हुए। सुबह बिजली आपूर्ति बाधित होने 30 हजार उपभोक्ताओं को पेयजल की समस्या से भी जूझना पड़ा। व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित रहा। सरकारी दफ्तरों में जनरेटर चलाकर कामकाज निपटाया गया।
अमावां ट्रांसमिशन से जुड़े शहर के आईटीआई, गोराबाजार के अलावा सिधौना विद्युत उपकेंद्र की बिजली सुबह 10 बजे काट दी गई। अचानक बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोग परेशान हुए। काफी देर तक जब बिजली नहीं आई तो उपभोक्ता अभियंताओं को फोन करने लगे। बताया कि अमावां ट्रांसमिशन से बिजली आपूर्ति बंद की गई। कब आएगी इसके बारे में सही जानकारी वितरण के अभियंता नहीं दे सके। गोराबाजार बिजली उपकेंद्र से कई सरकारी विभागों को बिजली की आपूर्ति होती है। 10 बजे से बिजली कटौती होने से जनरेटर चलाकर कामकाज निपटाया गया। इसी तरह उपभोक्ताओं को पानी की समस्या से जूझना पड़ा तो व्यापारियों का कारोबार प्रभावित रहा। तीन बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई तब जाकर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। उपभोक्ता रामकिशुन, मंशाराम, अखिलेश बाजपेयी, विनोद कुमार ने बताया कि अचानक बिजली चली जाने लोगों को परेशानी करना पड़ा। अमावां ट्रांसमिशन के एसडीओ एके मौर्य ने बताया कि 132 केवीए ट्रांसमिशन रग्घुपूर के लिए नई लाइन को जोड़ने का कार्य चल रहा था। इस वजह से बिजली आपूर्ति बंद की गई।