पेट्रोमैक्स की रोशनी में कराया मतदान
सलोन/परशदेपुर (रायबरेली)। सलोन और परशदेपुर नगर पंचायत में कई ऐसे मतदान केंद्र रहे, जहां पर शाम पांच बजे के बाद भी मतदान हुआ। परशदेपुर के एक मतदान केंद्र पर तो पेट्रोमैक्स के जरिए मतदान कराना पड़ा। नगर पंचायत परशदेपुर के मतदान केंद्र राजकीय पशु चिकित्सालय में शाम पांच बजे के बाद भी वोटरों की लंबी लाइनें लगी थी। बूथ पर अंधेरा होने और बिजली न होने के कारण शाम पांच बजे के बाद बूथ के अंदर अंधेरा हो गया। इस पर मतदान कर्मियों की ओर से चुनाव कराने के लिए पेट्रोमैक्स की रोशनी का प्रयोग करना पड़ा। उधर, नगर पंचायत सलोन के मतदान केंद्र प्राथमिक पाठशाला के बूथ नंबर एक पर मतदान शाम पांच बजे के बाद 5.31 बजे समाप्त हुआ। मतदान समाप्ति के बाद 24 वोटर लाइन में लगे थे। इस पर मतदान कर्मियों ने उनका मतदान कराया।
ड्रोन कैमरे से की निगरानी
रायबरेली। एक नगर पालिका और आठ नगर पंचायतों के अति संवेदनशील पांच मतदान केंद्रों के 31 बूथों पर निष्पक्ष एवं सकुशल चुनाव कराने के लिए ड्रोन कैमरे लगाए गए थे। नगर पालिका रायबरेली के एफजी कॉलेज मतदान केंद्र पर ड्रोन कैमरे के जरिए बूथों की निगरानी की गई। इससे आने जाने वाले लोगों पर पैनी नजर रखी गई।