चुनाव ड्यूटी से पीछे हट रहे कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली। एफजी कॉलेज के इंदिरा गांधी सभागार में शुक्रवार को मतदान कार्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण में गैरहाजिर रहने वाले आठ कार्मिकों पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही इन सभी लोगों से शनिवार को होने वाले प्रशिक्षण में पहली ही पाली में उपस्थित होने को कहा गया है।
प्रशिक्षण में हाजिर न होने पर मतदान कर्मियों के खिलाफ एफआईआर हो सकती है। जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक शुक्रवार को पीठासीन अधिकारी रमेश कुमार मौर्य एवं करुणेश कुमार पांडेय, मतदान अधिकारी प्रथम रजत प्रसाद यादव, मतदान अधिकारी द्वितीय संगीता श्रीवास्तव, साधना श्रीवास्तव, दीपिका एवं ज्योति रावत, मतदान अधिकारी तृतीय दीपक शर्मा समेत आठ आठ कर्मी अनुपस्थित रहे।
निर्वाचन कार्यालय ने संबंधित विभागों से कहा है कि इन कर्मियों के खिलाफ निर्वाचन कार्य में जानबूझ कर शिथिलता बरतने एवं निर्वाचन प्रशिक्षण में व्यवधान उत्पन्न करने के लिए लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के अंतर्गत तत्काल कार्यवाही करते हुए स्थिति से अवगत कराएं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश प्रजापति ने बताया कि मतदान कार्मिकों से चुनाव प्रशिक्षण में उपस्थित रहने की बात कही गई है।