ग्रीन ने येलो टीम को पांच विकेट से दी शिकस्त
रायबरेली। रायबरेली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (आरडीसीए) की ओर से आयोजित जिले की अंडर-14 क्रिकेट लीग में दूसरे दिन रायबरेली ग्रीन और रायबरेली येलो टीम के बीच मुकाबला हुआ। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में हुए इस मैच में ग्रीन टीम ने येलो टीम को पांच विकेट से हराकर दो अंक अर्जित किए।
रायबरेली येलो टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। येलो टीम ने निर्धारित 40 ओवर में 133 रन बनाए। सर्वाधिक 21 रन मो. तबरेज ने बटोरे, जबकि आदित्य यादव ने 19 और अभिषेक मिश्रा ने 11 रन का योगदान दिया। ग्रीन टीम की तरफ से गेंदबाजी करते हुए आयुष यादव ने 16 रन देकर तीन विकेट लिए। राज साहू और मो. आसिफ ने दो-दो विकेट गिराए।
जवाब में उतरी ग्रीन टीम ने 134 रन का लक्ष्य 34.3 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इसमें हर्ष वर्मा ने सर्वाधिक 43 रन, आयुष सिंह ने 20 रन, अभ्युदय शुक्ला ने नाबाद 28 रन की पारी खली। गेंदबाजी में येलो टीम की तरफ से प्रशांत वाजपेयी ने 20 रन देकर चार विकेट झटके और आदित्य ने एक विकेट गिराया। इस मौके पर लीग संयोजक सिविल रावत, योगेश मिश्रा, आशीष त्रिपाठी, अभिषेक शुक्ला आदि उपस्थित रहे।