कोच गिरफ्तार, जिला क्रीड़ा अधिकारी की तलाश
रायबरेली। स्वीमिंग पूल में जान गंवाने वाली पूजा गुप्ता की मौत के मामले में केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने कोच को गिरफ्तार कर लिया। वहीं जिला क्रीड़ा अधिकारी की तलाश हैं। खास बात ये है कि एफआईआर जिला क्रीड़ा अधिकारी का पद दर्शाया गया है। मौजूदा समय में जिला क्रीड़ा अधिकारी कौन है, इसकी पड़ताल के लिए पुलिस जांच कर रही है। इस पूरे प्रकरण की तफ्तीश इंदिरा नगर चौकी इंचार्ज अरविंद पांडेय को सौंपी गई है। पुलिस का मानना है कि लापरवाही के चलते ही पूजा गुप्ता की मौत हुई है।
आचार्य द्विवेदी नगर निवासी एवं सिंचाई कर्मचारी रमेशचंद्र गुप्ता की बेटी पूजा गुप्ता (19) की शनिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उसका शव मोतीलाल नेहरू स्टेडियम के स्वीमिंग पूल में पाया गया था। मृतका के भाई दीपक गुप्ता की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने जिला क्रीड़ा अधिकारी और कोच राम आसरे यादव निवासी गऊमठ चौक वाराणसी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
भाई का आरोप है कि जिला क्रीड़ा अधिकारी और कोच की लापरवाही की वजह से उसकी बहन की मौत हुई है। सदर कोतवाल सुधीरचंद्र पांडेय का कहना है कि कोच को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिला क्रीड़ा अधिकारी कौन है, इस बारे में जांच चल रही है। घटना से संबंधित हर तथ्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि पूजा गुप्ता की मौत की सच्चाई सामने आ सके। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।