रायबरेली। जिले में कोरोना का संक्रमण शुक्रवार को भी थमा रहा। पूरे जिले में अभियान चलाकर 1703 लोगों की जांच की गई, जिसमें मात्र 30 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। इसमें 901 लोगों की एंटीजन और 791 लोगों की आरटीपीसीआर से जांच की गई थी। संक्रमित मिले मरीजों को इलाज के लिए रेलकोच कारखाने के एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती दो मरीज स्वस्थ होकर घर भी पहुंच गए।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि शुक्रवार को जिले की सभी सीएचसी के अलावा अन्य चिह्नित स्थानों पर टीमों ने पहुंचकर लोगों की कोरोना की जांच की। इस अभियान के तहत जिले में 1703 लोगों की जांच की गई। जिसमें से 901 लोगों की एंटीजन और 791 लोगों की आरटीपीसीआर से जांच हुई। इसमें मात्र 30 लोग संक्रमित मिले। ये सभी सुल्तानपुर खेड़ा, हाजीपुर, चौदहमील, पडऱी, अमर नगर, प्रताप नगर, दयालपुर, सत्य नगर, भदोखर, मलिकमऊ, जगतपुर, पूरे जुगराज, रेती का पुरवा आदि क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
मरीजों को इलाज के लिए रेलकोच कारखाने के एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरके पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को टीम ने शहर के डीएम आवास, पुलिस कार्यालय, सीओ कार्यालय, किरण हाल, जवाहर विहार, जिला पुरुष अस्पताल, जिला महिला अस्पताल में सैनिटाइजेशन का काम किया।