डीडीसी सदस्यों को न्याय दिलाने के लिए होगी आरपार की लड़ाई : मनोज पांडेय
रायबरेली। सुपर मार्केट स्थित सपा कार्यालय में बुधवार को आयोजित बैठक में सपाइयों ने कहा कि प्रशासन के इशारे पर जिला पंचायत सदस्यों पर हमला किया गया। पूर्व मंत्री एवं ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि सदस्यों को न्याय दिलाने के लिए सपा आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। बैठक के बाद सपाइयों का प्रतिनिधि मंडल जिला पंचायत सदस्यों के साथ पूर्व मंत्री की अगुवाई में एसपी सुनील कुमार सिंह से मिला।
सदस्यों तथा परिवारीजनों की सुरक्षा की मांग की। एसपी ने मदद का भरोसा दिया और कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। सपा कार्यालय में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष रामबहादुर यादव, पूर्व विधायक आशा किशोर, नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन मो. इलियास ने कहा कि जिला पंचायत सदस्यों पर हुए उत्पीड़न का जवाब न सिर्फ हमला करने वालों को ही नहीं बल्कि प्रशासन के अफसरों को भी देना पड़ेगा। इस दौरान सीओ डलमऊ विनीत सिंह की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए गए।
जिला पंचायत सदस्य चंद्रराज पटेल, राधे पासी, राजेंद्र यादव, छोटेलाल पासी, उमाकांती मौर्या, राजेंद्र पासी, सुमन वर्मा, रामबरन, रामलोटन, अमित, शेरा लोधी, रानी लोधी, निर्मला यादव आदि ने भी सपा नेताओं को अपनी पीड़ा बताई। पूर्व जिलाध्यक्ष आरपी यादव ने कहा कि सपा सदस्यों के साथ है।
जिला पंचायत सदस्यों के साथ मारपीट की घटना को लेकर आक्रोशित वकीलों ने बुधवार को दीवानी कचहरी के बाहर एमएलसी दिनेश सिंह का पुतला फूंका और नारेबाजी की। अधिवक्ता शशिकांत शुक्ला, इमरान खान, विकास त्रिपाठी, सुरेंद्र तिवारी, अमित एडवोकेट आदि कचहरी से बाहर आकर एकत्र हुए।
एमएलसी और उनके भाइयों तथा समर्थकों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एमएलसी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया और फिर उनका पुतला फूंका। सभी ने पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की। कहा कि दोषियोां के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।