सीसीटीवी फुटेज से चिह्नित किए गए 12 हमलावर, गिरफ्तारी को पांच टीमें गठित
रायबरेली। कांग्रेस की सदर विधायक अदिति सिंह और डीडीसी सदस्यों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में शामिल हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने पांच पुलिस टीमें गठित की हैं।
इसमें हाईवे स्थित टोल प्लाजा पर डीडीसी सदस्यों के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से 12 हमलावरों को चिह्नित किया गया है, जो घटना में शामिल थे।
पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गौरतलब है कि जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर मंगलवार को लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर स्थित टोल प्लाजा पर डीडीसी सदस्यों के साथ गुंडागर्दी करते हुए मारपीट की थी।
डीडीसी सदस्य राकेश अवस्थी को इस कदर पीटा गया था कि हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया था। वहीं सदर विधायक अदिति सिंह पर हरचंदपुर थाना क्षेत्र के कठवारा के पास फायरिंग की गई थी। ईंट पत्थर चलाए गए थे।
गाड़ी पलटने से अदिति घायल हो गई थी। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि टोल प्लाजा पर की गई मारपीट के मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया है। इसमें करीब 12 हमलावर चिह्नित किए गए हैं, जो घटना में शामिल हैं।
हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं। इस टीम में सीओ सदर, सीओ महराजगंज और सीओ लालगंज को शामिल किया गया है। गठित पुलिस टीमें एएसपी शशिशेखर सिंह के निर्देशन में हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही हैं।
गुंडागर्दी के दौरान जिन वाहनों का प्रयोग किया गया था, उन वाहनों के मालिकों का पता पुलिस एआरटीओ कार्यालय में पता करा रही है कि कौन सा वाहन किस व्यक्ति के नाम है। एसपी का कहना है कि गाड़ियों के मालिकों के बारे में पता लगाया जा रहा है।