रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र के कोरचंदामऊ गांव में सोमवार रात दबंगों ने एक घर पर धावा बोल दिया। दबंगों ने न सिर्फ युवतियों के साथ छेड़खानी की, बल्कि लाठी-डंडों से पीटकर तीन युवकों को घायल कर दिया।
घर में आग लगा दी। इससे एक लाख से ज्यादा का सामान जलकर राख हो गया। घटना को उस अंजाम दिया, जबकि पीड़ित परिवार में कथा व दावत का कार्यक्रम चल रहा था।
इससे वहां अफरातफरी मच गई। मामला एसपी के संज्ञान में पहुंचा तो उन्होंने भदोखर पुलिस को आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोच लिया है। पीड़ित परिवार ने एसपी से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के पीछे रंजिश की बात कही जा रही है।
कोरचंदामऊ गांव में एक परिवार में कथा के बाद दावत चल रही थी। इस बीच गांव के कुछ लोगों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
इससे वहां पर भगदड़ मच गई। दबंगों ने घर में घुसकर दो युवतियों के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर पीटा। इसके अलावा तीन युवकों को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया, जिन्हें गंभीर चोटें आईं हैं।
यही नहीं दबंगों ने घर में आग लगा दी। इससे अनाज समेत एक लाख से ज्यादा रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना के काफी देर बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
मामला एसपी तक पहुंचा तो उन्होंने एसओ को फटकार लगाते हुए मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसपी का कहना है कि कोरचंदामऊ निवासी संदीप दुुबे उर्फ छोटू, राम समुझ, दर्शन पासवान, मिल एरिया थाना क्षेत्र के बरखापुर निवासी रूप नारायण, राम बहादुर को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी ने मारपीट की थी। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।