जिले में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी
रायबरेली। जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार खत्री ने शुक्रवार को नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जिले में जारी कर दी। अब कड़ी सुरक्षा के बीच तहसीलों में शनिवार से नामांकन प्रक्रिया कराई जाएगी। नामांकन प्रक्रिया के लिए तहसीलों में बैरीकेडिंग करा दी गई है। डीएम की ओर से आरओ व एआरओ की तैनात कर दी गई है। इस दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी। उधर संभावित दावेदारों ने सदर तहसील पहुंच कर वोटर लिस्ट में नाम देखे और कागजात तैयार किए। इसको लेकर तहसील में गहमागहमी रही।
एक नगर पालिका रायबरेली और आठ नगर पंचायतों लालगंज, डलमऊ, ऊंचाहार, महराजगंज, बछरावां, सलोन, परशदेपुर व नगर पंचायत नसीराबाद में नगर निकाय चुनाव 29 नवंबर को होने हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार खत्री ने सुबह 10 बजे जिले में निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। अब शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक समस्त तहसीलों में नामांकन प्रक्रिया कराई जाएगी। डीएम ने निर्देश जारी किए हैं कि समस्त नगरीय निकायों के रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी उपयुक्त कार्यक्रम का अपने से संबंधित नगरीय निकाय के सूचना पट्ट पर भी प्रदर्शित करेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश प्रजापति ने बताया कि जिले में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। पूर्वाह्न 11 बजे से शाम तीन बजे तक नामांकन प्रक्रिया कराई जाएगी। नामांकन के दौरान सुरक्षा के कडे़ इंतजाम रहेंगे।
प्रत्याशी समेत पांच लोगों को मिलेगी इंट्री
नामांकन प्रक्रिया के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन कतई नहीं होने दिया जाएगा। यदि संहिता का कोई दावेदार या उनके समर्थक उल्लंघन करते हैं तो उनके खिलाफ सीधे तौर पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि दावेदार समेत पांच लोगों को नामांकन कक्ष के अंदर जाने दिया जाएगा।