डंपर की टक्कर से तीसरी बार टूटा एचटी लाइन का तार
रायबरेली। ट्रांसमिशन त्रिपुला से डीह और परशदेपुर उपकेंद्र को जाने वाली हाईटेंशन लाइन का तार एक डंपर की चपेट में आने से टूट गया। इससे दोनों उपकेंद्रों की कई घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे करीब 25 हजार उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। एक सप्ताह में यह तार तीसरी बार तार टूटा है। हालांकि तार जोड़वाने के बाद आपूर्ति को बहाल कर दी गई। लोगों का कहना है कि यदि यही हाल रहा तो किसी दिन बड़ी घटना हो सकती है।
शहर में रिंग रोड का निर्माण हो रहा है। इसके लिए भुएमऊ के पास मनमाने तरीके से राख डंप की जा रही है। ऊपर से 33 केवीए की लाइन गुजरी है, जो डीह और परशदेपुर उपकेंद्र को जाती है। एक डंपर की चपेट में आने से बृहस्पतिवार को तार टूट गया। इससे दोनों उपकेंद्रों की आपूर्ति गुल हो गई। इसके पहले भी दो बार तार टूक चुका है। दोनों उपकेंद्रों से करीब 25 हजार उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाईटेंशन लाइन के साथ हो रहे खिलवाड़ के बावजूद न पावर कॉर्पोरेशन के अभियंता सबक ले रहे हैं और न ही रिंग रोड का निर्माण कराने वाली एजेंसी। तार टूटने के बाद उसे जोड़वा दिया गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। रिंग रोड का निर्माण कराने वाली संस्था जेकेएम इंफ्रा प्रोजेक्ट के वाइस प्रेसीडेंट प्रवीन कुमार ने बताया कि तार टूटने की जानकारी हुई है। डंपर चालकों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पावर कॉर्पोरेशन के एक्सईएन विवेक खन्ना और अधीक्षण अभियंता पंकज कुमार से पूछा गया तो स्पष्ट जवाब नहीं दिया। यदि कोई घटना होती है तो अवर अभियंता को ही दोषी ठहराया जाएगा।