हर घंटे आधा सेंटीमीटर मीटर बढ़ रही गंगा
डलमऊ (रायबरेली)। गंगा का पानी फिर बढ़ना शुरू हो गया है। पानी बढ़ने के साथ ही कटरी में मिट्टी की कटान तेज हो गई है। पानी के तेज बहाव में जहां बोई गई सब्जियां बह गई हैं, वहीं खेती योग्य जमीन पानी के बहाव से कट कर गंगा नदी में समा रही है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक इस समय 95.900 मीटर पर पानी बह रहा है। डलमऊ में गंगा का चेतावनी बिंदु 98.360 और खतरे की बिंदु 99.360 है। प्रति दो घंटे में एक सेंटीमीटर पानी बढ़ रहा है।
डलमऊ तहसील क्षेत्र के कटरी इलाके के दो दर्जन से ज्यादा गांवों के रहने वाले किसानों व ग्रामीणों के सामने बारिश में खाने व पीने का संकट खड़ा हो जाता है। बाढ़ के तेज बहाव से जहां कटरी में बोई गई सब्जियां बह जाती हैं, वहीं धान की फसल या तो नष्ट हो जाती है या फिर किसान बो नहीं पाते हैं। इस समय पानी गांवों में तो नहीं पहुंचा है, लेकिन कटरी में पानी आफत मचाए हुए है। किसान सुखदीन, गंगा दयाल, प्रमोद कुमार, श्रीकृष्ण आदि ने बताया कि गंगा में बाढ़ से प्रतिवर्ष कृषि योग्य उपजाऊ मिट्टी कटान होने के कारण बह जाती है। यही नहीं कटरी क्षेत्र के नारायणपुर बन्ना, नेवादा पट्टी, चांदपुर लूक, चक मलिक भीटी, जहांगीराबाद आदि गांवों की सैकड़ों बीघा भूमि बाढ़ के समय तेज धारा में कटान होने के कारण बह जाती है, लेकिन प्रशासन किसी प्रकार की कोई मदद नहीं करता है। मदद के नाम पर खानापूरी की जाती है। बारिश की तबाही परिवार को पूरे साल मजदूरी करने को मजबूर कर देती है। उधर, उपजिलाधिकारी डलमऊ प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया की अभी तक बाढ़ के हालात नहीं हैं। बाढ़ से निपटने की तैयारी पूरी है।