करंट से किसान की मौत
डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात करंट से एक किसान की मौत हो गई। इसकी जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई, जब बहन नलकूप पर गई थी। आशंका है कि मृतक कटी केबल में झिल्ली बांध रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर पावर कॉर्पोरेशन के अवर अभियंता राजीव यादव और पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद शव को पीएम के लिए भेजा।
कोतवाली क्षेत्र के मुर्शिदाबाद मजरे सलेमपुर गांव निवासी चंद्रभान (45) ट्यूबवेल पर रहता था। मृतक के भाई बृजेश ने बताया कि गांव के बाहर स्थित ट्यूबवेल पर चंद्रभान को शनिवार रात लगभग आठ बजे खाना देने गया था। भाई धान की रोपाई के लिए नलकूप से खेत में पानी भरने की बात कह रहा था। रविवार सुबह जब बहन हेमलता नलकूप पर गई तो चंद्रभान को नलकूप की विद्युत मोटर के पास मृत मिला। अवर अभियंता ने बताया कि मृतक जिस जगह पड़ा मिला, उस जगह केबल कटा था। उसी में आधी झिल्ली बंधी थी। आशंका है कि मृतक कटी केबल में झिल्ली बांध रहा था। चप्पल भी नहीं पहने था। इसी वजह से वह करंट की चपेट में आ गया। ब्यूरो